हमारे संबंध हर कसौटी पर खरे उतरे, पुतिन बोले- बिना रोक तेल सप्लाई करेंगे पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने शुक्रवार को हैदराबाद हाउस में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।
पीएम मोदी ने भारत और रूस के बीच दोस्ती को ध्रुव तारे की तरह स्थिर बताया है। उन्होंने कहा,“पिछले 8 दशकों में दुनिया ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। मानवता को कई तरह की चुनौतियों और संकटों से गुजरना पड़ा है। लेकिन इन सबके बीच भारत-रूस की दोस्ती ध्रुव तारे की तरह हमेशा अटल और स्थिर बनी रही है।”
मोदी ने कहा कि दोनों देशों के संबंध हर कसौटी पर खरे उतरे हैं। पीएम ने कहा कि दोनों देशों ने 2030 तक आर्थिक सहयोग की रणनीति बनाई है। वहीं, रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस, भारत को बिना रोक-टोक के तेल की सप्लाई जारी रखेगा।
भारत दौरे पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का आज सुबह राष्ट्रपति भवन में 21 तोपों की सलामी से स्वागत हुआ। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। फिर पुतिन ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
पुतिन के भारत दौरे से जुड़ीं 7 फोटोज…

राष्ट्रपति भवन में शुक्रवार सुबह 21 तोपों की सलामी के साथ पुतिन का स्वागत किया गया।

राष्ट्रपति भवन में रूसी राष्ट्रपति पुतिन को शुक्रवार सुबह गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति भवन में पुतिन को रिसीव किया।

पुतिन राष्ट्रपति भवन में विदेश मंत्री एस जयशंकर से हाथ मिलाते हुए।

पुतिन ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित फोटो सेशन में हिस्सा लिया। इस दौरान उनके साथ राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी भी थे।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच हैदराबाद हाउस में मुलाकात हुई।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन भारत दौरे को लेकर गूगल पर ट्रेंड कर रहे हैं…

पुतिन के भारत दौरे से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
पुतिन बोले- भारत-रूस में 96% पेमेंट अपनी करेंसी में
पुतिन ने कहा- प्रधानमंत्री ने हमें उन चुनौतियों की एक लिस्ट दी है जिन पर दोनों सरकारों को ध्यान देना चाहिए और हम उन पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन के बीच अगर फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) बन जाता है, तो दोनों को फायदा होगा।
उन्होंने कहा कि दोनों देश धीरे-धीरे अपनी राष्ट्रीय मुद्राओं में व्यापार की ओर बढ़ रहे हैं, और अभी 96% लेनदेन इसी तरह हो रहा है। ऊर्जा क्षेत्र में हमारी साझेदारी बहुत सफल है। तेल, गैस, कोयला और भारत की ऊर्जा जरूरतों से जुड़ी हर चीज की सप्लाई स्थिर है।
रूसी नागरिकों के लिए 30 दिन का टूरिस्ट वीजा जारी होगा
मोदी ने कहा- इस साल अक्टूबर में, लाखों भक्तों ने इंटरनेशनल बुध्दिस्ट फोरम में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों का आशीर्वाद लिया। मुझे खुशी है कि हम जल्द ही रूसी नागरिकों के लिए 30-दिन का फ्री ई-टूरिस्ट वीजा और 30-दिन का ग्रुप टूरिस्ट वीजा शुरू करने जा रहे हैं।
पुतिन बोले- मोदी के साथ बातचीत मददगार रही
पुतिन ने कहा- PM मोदी के साथ डिनर पर मेरी बातचीत हमारी स्पेशल और प्रिविलेज्ड स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के लिए बहुत मददगार रही। PM मोदी और मैंने एक करीबी वर्किंग डायलॉग बनाया है। हम SCO समिट के दौरान मिले थे, और हम खुद रूस-भारत डायलॉग की देखरेख कर रहे हैं।
मोदी बोले- आतंकवाद के खिलाफ भारत-रूस साथ
मोदी ने कहा- भारत और रूस लंबे समय से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। चाहे पहलगाम में हुआ आतंकवादी हमला हो या क्रोकस सिटी हॉल पर हुआ कायरतापूर्ण हमला, इन सभी घटनाओं की जड़ एक ही है।
उन्होंने कहा- भारत का यह पक्का विश्वास है कि आतंकवाद मानवता के मूल्यों पर सीधा हमला है और इसके खिलाफ दुनिया की एकता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। UN, G20, BRICS, SCO और दूसरे मंचों पर भारत और रूस का करीबी सहयोग है। हम इन सभी मंचों पर अपनी बातचीत और सहयोग जारी रखेंगे।
मोदी बोले- रूस के साथ विन-विन सहयोग जारी रखेंगे
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि एनर्जी सिक्योरिटी पार्टनरशिप भारत-रूस साझेदारी का एक मजबूत और अहम स्तंभ रही है। सिविल न्यूक्लियर एनर्जी में हमारी दशकों पुरानी साझेदारी ने स्वच्छ ऊर्जा के हमारे साझा लक्ष्यों को हासिल करने में बड़ी भूमिका निभाई है। हम इस ‘विन-विन’ सहयोग को आगे भी जारी रखेंगे।
क्रिटिकल मिनरल्स में हमारा सहयोग दुनिया भर में सुरक्षित और विविध सप्लाई चेन बनाने के लिए बेहद जरूरी है। यह स्वच्छ ऊर्जा, हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग और नई पीढ़ी के उद्योगों में हमारी साझेदारी को मजबूत समर्थन देगा।”
उन्होंने आगे कहा कि जहाज निर्माण (शिपबिल्डिंग) में हमारा गहरा सहयोग ‘मेक इन इंडिया’ को और मजबूत करने की क्षमता रखता है। इससे नौकरी, स्किल्स और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।
PM मोदी बोले- पुतिन की वजह से रूस-भारत का रिश्ता मजबूत हुआ
पीएम मोदी ने कहा कि साल 2010 में भारत-रूस की साझेदारी को स्पेशल प्रिविलेज्ड स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया गया था। पिछले ढाई दशकों से राष्ट्रपति पुतिन ने अपनी नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता से इस रिश्ते को मजबूत किया है। हर परिस्थिति में उनकी नेतृत्व क्षमता ने भारत-रूस संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। मैं अपने दोस्त पुतिन का दिल से आभार व्यक्त करता हूं।
भारत और रूस के बीच अहम समझौते
- कोऑपरेशन और माइग्रेशन पर एग्रीमेंट
- हेल्थकेयर और मेडिकल एजुकेशन पर समझौता
- फूड सेफ्टी और स्टैंडर्ड्स पर एग्रीमेंट
- पोलर शिप्स और मैरिटाइम कोऑपरेशन पर समझौता
- फर्टिलाइजर पर एग्रीमेंट
मोदी बोले- भारत-रूस की दोस्ती ध्रुव तारे की तरह
मोदी ने कहा कि 25 साल पहले पुतिन ने पार्टनरशिप की नींव रखी थी। इस बीच मानवता को कई संकट देखने पड़े, लेकिन भारत-रूस दोस्ती ध्रुव तारे की तरह बनी रही। पिछले 25 साल के उन्होंने अपनी लीडरशिप से हमारे संबंध मजबूत किए हैं
मोदी बोले- पुतिन की यात्रा स्पेशल
पीएम मोदी ने कहा कि पुतिन की यात्रा ऐसे समय हो रही है जब हमारे द्विपक्षीय संबंध कई ऐतिहासिक माइलस्टोन से गुजर रही है। उनके राष्ट्रपति रहने के दौरान ही साल 2000 में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी शुरू हुई थी।
भारत-रूस में कई अहम समझौते हुए
भारत-रूस के बीच हेल्थ, शिप ब्लिडिंग, ऊर्वरक सेक्टर के अलावा टैक्स और टैरिफ को लेकर समझौता होने की खबर है।
कुछ ही देर में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस
कुछ ही देर में मोदी और पुतिन के बीच जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होगी। फिलहाल दोनों नेता 23वें भारत-रूस सलाना समिट में ट्रेड, डिफेंस और एनर्जी से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने पुतिन से मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं
पुतिन ने भारत आने का न्योता देने के लिए धन्यवाद दिया
पुतिन ने मोदी को भारत आने का न्योता देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा- यूक्रेन जंग को लेकर हम अमेरिका सहित कुछ साझेदारों के साथ मिलकर एक शांतिपूर्ण समझौते पर विचार कर रहे हैं। इस स्थिति का हल ढूंढने में मदद के लिए आपका धन्यवाद।
पुतिन बोले- भारत-रूस की दोस्ती सिर्फ नाम की नहीं
पुतिन ने यूक्रेन शांति पहल पर ध्यान देने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया। रूसी राष्ट्रपति ने मोदी से कहा, ‘दोनों देशों के रिश्ते बहुत पुराने और गहरे हैं। ये सिर्फ बातें नहीं हैं, इनके पीछे बहुत मजबूत और सच्चा आधार है। भारत-रूस की दोस्ती सिर्फ नाम की नहीं, बल्कि एक-दूसरे के लिए भरोसेमंद हैं।’
मोदी बोले- वैश्विक चुनौतियां जल्द सुलझा ली जाएंगी
पुतिन के साथ बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया ने कोविड-19 से लेकर आज तक कई संकटों का सामना किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वैश्विक चुनौतियां जल्द ही पार कर ली जाएंगी। मोदी ने कहा, ‘मुझे यकीन है कि आज हम कई महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।’
मोदी ने पुतिन की यात्रा को एतिहासिक बताया
मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन की यात्रा को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस बार की इंडिया-रूस समिट से कई बड़े नतीजे निकल रहे हैं।
मोदी कहा कि पुतिन पहली बार 2000 में भारत आए थे। उसी यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की मजबूत नींव रखी गई थी।
मोदी ने पुतिन की तारीफ की
पीएम मोदी ने कहा कि मैं पुतिन को पिछले 25 सालों से जानता हूं। भारत-रूस की दोस्ती इस बात की मिसाल है कि एक दूरदर्शी नेता रिश्तों को कैसे बदल सकता है।
मोदी ने पुतिन की तारीफ करते हुए कहा कि उनके विजन और नेतृत्व ने भारत-रूस संबंधों को और मजबूत और भरोसेमंद बनाया है।
मोदी बोले- दुनिया को फिर शांति की जरूरत
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया को एक बार फिर शांति की जरूरत है। भारत शांति के हर प्रयास का समर्थन करता है। भारत–रूस के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और आने वाले समय में ये संबंध और नई ऊंचाइयों को छूएंगे।
मोदी बोले- भारत न्यूट्रल नहीं, शांति के पक्ष में
पीएम मोदी ने यूक्रेन जंग को लेकर कहा कि भारत न्यूट्रल नहीं है। भारत शांति के पक्ष में है।भारत शांति की कोशिशों के साथ खड़ा है।
मोदी-पुतिन की बातचीत शुरू

पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन की हैदराबाद हाउस में बातचीत शुरू हो गई है।
बैठक के लिए हैदराबाद हाउस को सजाया गया
पुतिन और मोदी की होने वाली द्विपक्षीय बैठक के लिए हैदराबाद हाउस पूरी तरह से सज गया है। इस बैठक में रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और कनेक्टिविटी पर चर्चा के साथ-साथ औपचारिक कार्यक्रम और समझौते भी शामिल हैं।
पुतिन ने गेस्ट बुक पर दस्तखत किए


रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद गेस्ट बुक पर हस्ताक्षर किए।
पुतिन हैदराबाद हाउस रवाना हुए
राजघाट में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद पुतिन हैदराबाद हाउस रवाना हो गए हैं।
पुतिन ने राजघाट जाकर गांधी को श्रद्धांजलि दी

राष्ट्रपति पुतिन ने राजघाट में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। अब वे हैदराबाद हाउस जाएंगे। यहां पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
राजघाट पहुंचे पुतिन, गांधी को श्रद्धांजलि देंगे

राष्ट्रपति पुतिन राजघाट पहुंच गए हैं। यहां वे महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे।
कुछ ही देर में राजघाट पहुंचेंगे पुतिन
पुतिन राजघाट पहुंचने वाले हैं। इसके लिए सुरक्षा इंतजाम सख्त कर दिए गए हैं।
पुतिन राष्ट्रपति भवन से राजघाट रवाना हुए

पुतिन राजघाट के लिए निकल गए हैं, यहां वे महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद पीएम मोदी और पुतिन हैदराबाद हाउस में 23वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन के दौरान में बैठक करेंगे।
इस बैठक में दोनों देश आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे, खासकर रक्षा, ऊर्जा क्षेत्र और कुशल भारतीय कामगारों की आवाजाही को आसान बनाने पर जोर रहेगा।
पुतिन को गार्ड ऑफ ऑनर मिला
पुतिन राष्ट्रपति भवन पहुंचे। पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें रिसीव किया। इसके बाद 21 तोपों की सलामी देकर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर मिला।


Hi, this is a comment.
To get started with moderating, editing, and deleting comments, please visit the Comments screen in the dashboard.
Commenter avatars come from Gravatar.